
𝗥𝗲𝘄𝗮 𝘀𝗽𝗼𝘁 𝗻𝗲𝘄𝘀 विंध्यप्रदेश का दर्पण विंध्यभारत मध्यभारत उत्तरभारत एवं देश दुनिया की सभी खबरें 04-08-1452
राम मंदिर अयोध्या में स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करें - उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल
रामकथा, रामभजन तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों आयोजन कराएं - एसीएस
रीवा 13 जनवरी 2024.//फतवा समाचार//ब्यूरो प्रमुख आचार्य आशीष मिश्र// अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भगवान के स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस कार्यक्रम के संबंध में अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजेश राजौरा ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देश दिए। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि भगवान राम सबके आदर्श हैं। भगवान राम के जीवन का धार्मिक ही नहीं सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रूप से बहुत महत्व है। अयोध्या में 22 जनवरी को आयोजित होने वाले कार्यक्रम से अधिक से अधिक आमजनों को जोड़ने का प्रयास करें। इसके लिए 22 जनवरी तक लगातार कई कार्यक्रम आयोजित करें। सभी प्रमुख मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों में 14 जनवरी से 22 जनवरी तक विशेष साफ-सफाई अभियान चलाएं। धार्मिक स्थलों को आकर्षक रूप से सजाएं। प्रमुख मंदिरों तथा सार्वजनिक भवनों में 21 जनवरी से 26 जनवरी तक रोशनी की व्यवस्था कराएं। मंदिरों तथा अन्य प्रमुख सावर्जनिक स्थलों पर रामकथा, रामभजन, रामधुन तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करें। रामचरित मानस के अखण्ड पाठ का भी आयोजन किया जा सकता है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि इस संबंध में शासन द्वारा विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं। सभी कलेक्टर नगरीय क्षेत्र एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में निर्देशों के अनुसार कार्यक्रमों का आयोजन कराएं। इसके संबंध में जिला स्तर और तहसील स्तर पर जनप्रतिनिधियों, धार्मिक संगठनों तथा प्रमुख मंदिरों के पुजारियों के साथ बैठक करके कार्यक्रम का निर्धारण करें। विश्वविद्यालयों एवं प्रमुख महाविद्यालयों में भगवान राम से जुड़े विभिन्न आख्यानों पर निबंध प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, परिचर्चा आदि का आयोजन कराएं। स्थानीय कलाकारों के माध्यम से भगवान राम से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कराएं। अयोध्या जाने के लिए जो विशेष ट्रेनें चलाई गई हैं उनके यात्रियों को समारोह पूर्वक विदाई दें तथा वापस लौटने पर उनका स्वागत करें। जिले भर में भगवान राम तथा रामकथा पर आधारित चित्रकला, पोस्टर, रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित करें।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर में भगवान के स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा होगी। यह सबके लिए गौरव और सम्मान का क्षण है। प्रत्येक नागरिक से इस दिन अपने घरों में दीपक जलाकर खुशी की अभिव्यक्ति करने का अनुरोध करें। सामाजिक संगठनों, धार्मिक संगठनों तथा आमजनता के सहयोग से प्रमुख धार्मिक स्थलों में 22 जनवरी को भण्डारे का भी आयोजन किया जा सकता है। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन, एसडीएम हुजूर वैशाली जैन, डिप्टी कलेक्टर श्रेयस गोखले, डिप्टी कलेक्टर रामनिवास सिंह सिंकरवार तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने चार राजस्व अधिकारियों के प्रभारों में किया परिवर्तन
रीवा 13 जनवरी 2024.//फतवा समाचार//ब्यूरो प्रमुख आचार्य आशीष मिश्र// कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने ने प्रशासकीय कार्य एवं कार्यालयीन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए चार राजस्व अधिकारियों के प्रभारों में परिवर्तन किया है। जारी आदेश के अनुसार संयुक्त कलेक्टर संजय कुमार जैन को एसडीएम त्योंथर तथा संयुक्त कलेक्टर अनुराग तिवारी को गुढ़ अनुभाग का एसडीएम बनाया गया है। संयुक्त कलेक्टर पीके पाण्डेय को कलेक्टर कार्यालय में विभिन्न शाखाओं का प्रभार दिया गया है। डिप्टी कलेक्टर रामनिवास सिंह सिकरवार को जवा अनुभाग का एसडीएम तथा जिला आपूर्ति नियंत्रक का प्रभार दिया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
हर घर में 22 जनवरी को 11 खुशियों के दीप जलाएं - उप मुख्यमंत्री
रीवा 13 जनवरी 2024. //फतवा समाचार//ब्यूरो प्रमुख आचार्य आशीष मिश्र// अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भगवान के स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इस अवसर को पूरे देश में उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस क्रम में जिले के सभी प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों में 14 जनवरी से 22 जनवरी तक स्वच्छता का विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिले भर में भगवान राम के जीवन चरित्र तथा रामकथा के आख्यानों से जुड़े विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। इस संदर्भ में उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 जनवरी का दिन हम सबके लिए गौरव और उल्लास का दिन है। पूरे जिले में अयोध्या भगवान श्रीराम के स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा को त्यौहार के रूप में मनाया जाए। आमजनता को 22 जनवरी को अपने घरों में 11 खुशियों के दीपक जलाने के लिए प्रेरित करें। अयोध्या में मनाए जा रहे भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से हर व्यक्ति को जोड़ने का प्रयास करे। जिले के सभी प्रमुख मंदिरों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाकर उनके परिसर को सुंदर बनाएं। चिरहुला नाथ मंदिर, रानी तालाब मंदिर, महामृत्युंजय मंदिर, कष्टहर नाथ मंदिर गुढ़ तथा देवतालाब शिव मंदिर जैसे प्रमुख मंदिरों में विशेष साज-सज्जा कराएं। इन मंदिरों में रामचरित मानस के पाठ, रामधुन, राम रक्षा रुाोत के पाठ जैसे आयोजन भी कराएं।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग से जुड़े अधिकारियों को निर्देश देते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी प्रमुख मंदिरों तथा धार्मिक स्थलों में सप्ताह भर के विभिन्न आयोजनों का कार्यक्रम निर्धारित करें। सांसदगण, विधायकगणों, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा प्रमुख मंदिरों के पुजारियों के साथ एसडीएम बैठक करके कार्यक्रमों का निर्धारण करें। जिले भर में 22 जनवरी तक भगवान राम के चरित्र, रामकथा तथा भगवान राम से जुड़े विभिन्न आख्यानों के संबंध में परिचर्चा, संगोष्ठी, भाषण, चित्रकला, रंगोली एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित कराएं। मंदिरों में रामधुन और रामचरित मानस के पाठ का भी आयोजन कराएं। सभी कार्यक्रम धार्मिक संगठनों एवं आमजनता के सहयोग और सहभागिता से आयोजित करें। बैठक में नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन, एसडीएम हुजूर वैशाली जैन तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कान्फ्रेंसिंग से सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा नगरीय निकाय के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शामिल रहे।
कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए नहीं दी गई है आभार यात्रा की अनुमति
रीवा 13 जनवरी 2024.//फतवा समाचार//ब्यूरो प्रमुख आचार्य आशीष मिश्र// संयुक्त किसान मोर्चा रीवा के संयोजक श्री शिव सिंह द्वारा 14 जनवरी को रीवा शहर में विवेकानंद पार्क से विभिन्न अस्त्रों, तलवार, वल्लम, लाठी, कुल्हाड़ी, कुदाल, हंसिया-हथौड़ा आदि के साथ आभार यात्रा की अनुमति मांगी गई है। एसडीएम हुजूर सुश्री वैशाली जैन ने बताया है कि संयुक्त किसान मोर्चा को आभार यात्रा की अनुमति नहीं दी गई है। जिले में 14 जनवरी को मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाता है। जिसके कारण शहर के सभी प्रमुख मार्गों में भीड़ रहती है। नगर पुलिस अधीक्षक रीवा द्वारा भी आमजनों की सुरक्षा की दृष्टि से आभार यात्रा को अनुमति न देने का प्रतिवेदन दिया है। कानून और व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजनता की सुरक्षा को ध्यान में रखकर संयुक्त किसान मोर्चा को आभार यात्रा की अनुमति नहीं दी गई है।
पहड़िया के वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के विद्युत संयंत्र का 15 फरवरी को होगा लोकार्पण
कचरे के नियमित और समय पर उठाव की व्यवस्था करें - उप मुख्यमंत्री
रीवा 13 जनवरी 2024. //फतवा समाचार//ब्यूरो प्रमुख आचार्य आशीष मिश्र// कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नगर की साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पहड़िया के वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के विद्युत संयंत्र का निर्माण कार्य 31 जनवरी तक हर हाल में पूरा कराएं। इसका लोकार्पण 15 फरवरी को किया जाएगा। प्लांट को चलाने के लिए भारी मात्रा में कचरे की आवश्यकता है। शहर के सभी वार्डों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाकर कचरे का उठाव कराएं। शासन द्वारा 14 जनवरी से 22 जनवरी तक विशेष साफ-सफाई अभियान के निर्देश दिए गए हैं। इस अवधि में प्रमुख मंदिरों की साफ-सफाई कराने के साथ-साथ शहर के सभी वार्डों की भी विशेष साफ-सफाई कराएं। सभी बस्तियों से हर हाल में प्रतिदिन कचरे का उठाव होना चाहिए। कचरे के नियमित और समय पर उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कचरे के उठाव के लिए आवश्यक होने पर अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करें। नगर निगम भी इस कार्य में अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराकर सहयोग करे। वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के विद्युत संयंत्र से 6 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा। इसके लिए प्रतिदिन आवश्यक कचरे का शहर से परिवहन सुनिश्चित करें। इस संयंत्र के संचालन के साथ-साथ कंपनी का कचरे के उठाव के लिए भी नगर निगम से अनुबंध है। आयुक्त नगर निगम अनुबंध के प्रावधानों का पालन कराएं। शहर को हर हाल में साफ सुथरा दिखना चाहिए। बैठक में पहड़िया प्लांट संचालन करने वाली कंपनी के प्रतिनिधि ने बताया कि विद्युत उत्पादन संयंत्र का कार्य पूरा हो गया है। इसको परीक्षण के लिए चालू कर दिया गया है। इसमें प्रतिदिन 130 टन कचरे का उपयोग करके बिजली का निर्माण किया जा रहा है। इस प्लांट का विधिवत लोकार्पण निर्धारित तिथि में कर दिया जाएगा। बैठक में आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन ने कहा कि अनुबंधित कंपनी को कचरे के उठाव के लिए पर्याप्त राशि दी जा रही है। इसे रीवा सहित 23 अन्य नगरीय निकायों से कचरा संग्रहीत करके उसका प्लांट में उपयोग करना है। प्लांट से बिजली जब बनने लगेगी तब कचरे का तेजी से उठाव होगा। पर्याप्त कचरा न मिलने पर प्लांट नहीं चल पाएगा। बैठक में कोष्टा के भण्डारित कचरे के प्लांट में उपयोग पर भी चर्चा की गई। बैठक में नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, एसडीएम हुजूर वैशाली जैन अधीक्षण यंत्री नगर निगम शैलेन्द्र शुक्ला तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिले में समर्थन मूल्य पर अब तक हुई 360560 टन धान की खरीद
धान खरीदी की अंतिम तिथि 19 जनवरी
रीवा 13 जनवरी 2024.//फतवा समाचार//ब्यूरो प्रमुख आचार्य आशीष मिश्र// किसानों को उनकी उपज का अधिकतम मूल्य देने के लिए जिले भर में गोदाम स्तर पर बनाए गए निर्धारित खरीदी केन्द्रों में एक दिसम्बर से धान का उपार्जन किया जा रहा है। धान का उपार्जन सहकारी समितियों द्वारा किया जा रहा है। जिले में अब तक 55154 किसानों से 360560 टन धान का उपार्जन किया गया है। इसके लिए किसानों को 787 करोड़ 10 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। किसानों को उनके बैंक खाते में अब तक 486 करोड़ 40 लाख 32 हजार रुपए का भुगतान किया जा चुका है। खरीदी गई धान में से अब तक 298989 टन का परिवहन करके सुरक्षित भण्डारण कराया गया है। अब तक 63022 किसानों ने उपार्जन के लिए स्लॉट बुक किए हैं। उपार्जित धान खरीदी केन्द्रों से मिलिंग के लिए मिलर्स को दी जा रही है। इसके लिए सभी खरीदी केन्द्रों से निकटवर्ती धान मिलों की मैपिंग की गई है। शेष बची हुई धान का गोदामों में सुरक्षित भण्डारण कराया जा रहा है। पंजीकृत किसानों से 19 जनवरी तक समर्थन मूल्य पर धान की खरीद की जाएगी।
सीवर लाइन और सीवर ट्रीटमेण्ट प्लांट का निर्माण तेजी से कराएं - उप मुख्यमंत्री
रीवा 13 जनवरी 2024.//फतवा समाचार//ब्यूरो प्रमुख आचार्य आशीष मिश्र// कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नगर निगम रीवा के विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने पेयजल व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण, अमृत-2 परियोजना तथा सीवर लाइन निर्माण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा शहर का विकास बहुत तेजी से हो रहा है। शहर में अधोसंरचना विकास, साफ-सफाई कार्य, पेयजल व्यवस्था तथा शहर के सौंदर्यीकरण के लिए दीर्घकालीन योजना बनाकर कार्य करना होगा। सीवर लाइन निर्माण तथा बीहर नदी के किनारे बनाए जा रहे दो सीवर ट्रीटमेंट प्लांटों का निर्माण तेजी से कराएं। जब तक इनका निर्माण पूरा नहीं होगा तब तक रिवर फ्रंट का निर्माण पूरा होना संभव नहीं है। आयुक्त नगर निगम सीवर लाइन से जुड़े सभी निर्माण कार्यों की टाइम लाइन तय कराकर उसके अनुरूप निर्माण कार्य सुनिश्चित कराएं।
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण पूरा होने के बाद सभी नालियों और घरों का पानी इसमें पहुंचना चाहिए। इसके लिए पाइपलाइन बिछाकर घरों से कनेक्शन का कार्य भी शुरू करा दें। किसी भी स्थिति में गंदा पानी नदी में न जाए इसकी व्यवस्था करें। शहर को साफ-सुथरा रखने में नगर निगम के प्रयासों में आमजनता को भी भागीदार बनाएं। सभी प्रमुख मंदिरों में फूलों तथा नारियल के कचरे से खाद बनाने के प्लांट लगवाएं। रतहरा तालाब में सिंचाई नहर से पानी पहुंचाने का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराएं। इसका भी शीघ्र ही लोकार्पण किया जाएगा। रानी तालाब में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आमजन घूमने आते हैं। इसमें बीहर नदी का साफ पानी पहुंचाने के लिए तत्काल व्यवस्था कराएं। शहर के मध्य में निराला नगर में नाले के किनारे अभी भी बस्ती बसी हुई है। नगर निगम अथवा हाउसिंग बोर्ड इस स्थान पर बहुमंजिला भवन बनाकर इनके रहवासियों को उसमें रहने का स्थान दें।
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत-2 योजना से शहर में 12 बड़ी टंकियों का निर्माण स्वीकृत किया गया है। इनमें पानी की आपूर्ति के लिए कुठुलिया में अधिक क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी बनाना है। इसका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराएं। इनका निर्माण कार्य पूरा होते ही शहर के हर बस्ती में मीठा पानी पहुंच जाएगा। यह बहुत बड़ी उपलब्धि होगी। अमृत-2 योजना के सभी निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ कराएं। बैठक में उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों, शहर के दोनों प्रमुख मार्गों पर प्रवेश द्वारों के निर्माण तथा सौन्दर्यीकरण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन ने बैठक में नगर निगम के निर्माण कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, एसडीएम हुजूर वैशाली जैन अधीक्षण यंत्री नगर निगम शैलेन्द्र शुक्ला तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें